रक्षाबंधन पर कांग्रेस ने उठाया अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा, CBI जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग – Khabar Uttarakhand

रक्षाबंधन के अवसर पर महिला कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर DHAMI सरकार से जवाब मांगा। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राखी भेंट कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और कथित वीआईपी प्रकरण को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

कांग्रेस ने की CBI जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लंबा समय बीत चुका है, लेकिन मामले से जुड़े कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि सीबीआई जांच वर्तमान में किस स्तर पर पहुंची है और जांच के दौरान अब तक क्या महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठाई जाती रही है। महिला कांग्रेस का कहना है कि मामले में सामने आए कथित वीआईपी प्रकरण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है। संगठन ने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही जांच से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की।

समाज की जिम्मेदारी है अंकिता को न्याय दिलाना

ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर महिला कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री को राखी भेंट करने को महिला कांग्रेस ने बेटियों की सुरक्षा और न्याय के प्रति सरकार की जवाबदेही की याद दिलाने का माध्यम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *