भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में डॉ. आरुषि निशंक और गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के बीच मुलाकात हुई। दोनों के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर उत्तराखंड के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दिल्ली में आरुषि निशंक और अनिल बलूनी की मुलाकात
सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार मुलाकात के दौरान डॉ. आरुषि निशंक ने अनिल बलूनी को भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख के रूप में लगातार दूसरी बार जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और प्रभावी संवाद क्षमता से पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया दायित्व को और मजबूती मिलेगी।
उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों और विकास पर हुई बात
बताया जाता है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों, उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों, प्रदेश के विकास, सामाजिक सरोकारों और राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी बातचीत हुई। मुलाकात का माहौल आत्मीय और संवादपूर्ण रहा।
मुलाकात से उत्तराखंड की सियासत में बढ़ी हलचल
हालांकि मुलाकात को शिष्टाचार भेंट के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन उत्तराखंड में इन दिनों आगामी राजनीतिक परिस्थितियों और संभावित सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। ऐसे में दिल्ली में दो प्रमुख सार्वजनिक चेहरों की यह मुलाकात राजनीतिक हलकों में स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बन गई है।
मुलाकात के अलग-अलग मायने निकल रहे
उत्तराखंड की राजनीति में डॉ. आरुषि निशंक की सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय सक्रियता और अनिल बलूनी की राष्ट्रीय राजनीति और मीडिया संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक पर्यवेक्षक अपने-अपने मायने निकाल रहे हैं।
