कैंची धाम पहुंची ‘हनुमान अंश’ फिल्म की युवा प्रोड्यूसर अनूप्रिया, बाबा का लिया आशीर्वाद

वर्तमान में देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ फिल्म की प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर अपने परिजनों के साथ कैंची धाम पहुंची। जहां उन्होंने बाबा का आशीर्वाद लिया।

कैंची धाम पहुंची ‘हनुमान अंश’ फिल्म की युवा प्रोड्यूसर अनूप्रिया

बता दें हनुमान अंश इन दिनों बड़े पर्दे में छाई हुई है। हर किसी की जुबान पर इन दिनों फिल्म के ही चर्चे हैं। अनुप्रिया नागर (21) को India’s Youngest Producer के रूप में भी पहचान मिली है। शनिवार को अनुप्रिया नीम करौली महाराज के दर्शन करने कैंची धाम पहुंची। जहां उन्होंने बाबा का आशीर्वाद लिया।

अनूप्रिया ने की नैनीताल पुलिस की सराहना

अनूप्रिया नागर ने कैंची धाम की महिमा और बाबा नीम करौली महाराज की आध्यात्मिक महिमा का बखान करते हुए धाम के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की। उन्होंने कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की तथा पुलिस के प्रयासों को सराहा।

प्रोड्यूसर ने की SSP से मुलाकात

दर्शन के बाद फिल्म हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में दर्शकों के बीच देश विदेश में लोकप्रिय फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के संबंध में जानकारी साझा की और फिल्म की विषयवस्तु और उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था, संस्कार और बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास के संबंध में भी चर्चा की गई। इस अवसर पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा फिल्म प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर, उनके परिजनों और सहयोगियों को सम्मानित किया। साथ ही फिल्म की सफलता और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है कैंची धाम: SSP

SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा नीम करौली महाराज का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे। उन्होंने कहा कि बाबा की पावन भूमि श्री कैंची धाम में आकर दर्शन करना स्वयं में सौभाग्य की बात है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.