उत्तराखंड के प्रवेश द्वार टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टेशन आकार ले रहा है। परियोजना का 70 से 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। खास बात ये है कि बस स्टेशन के साथ यहां शॉपिंग मॉल की सुविधा भी विकसित की जा रही है। ऐसे में यह परियोजना सिर्फ यातायात सुविधा नहीं, बल्कि टनकपुर के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को नई रफ्तार देने वाली साबित हो सकती है।
टनकपुर में बनेगा उत्तराखंड का आधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टेशन
टनकपुर चम्पावत जिले का प्रवेश द्वार और मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा का प्रमुख केंद्र। अब इसी टनकपुर में आधुनिक सुविधाओं से लैस अंतर्राज्यीय बस स्टेशन तैयार किया जा रहा है। उत्तराखंड परिवहन निगम के कार्यशाला परिसर में बन रहे इस महत्वाकांक्षी बस स्टेशन की अनुमानित लागत करीब 237.74 करोड़ रुपये है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
परियोजना का 70 से 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा
उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार के मुताबिक परियोजना का करीब 70 से 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य लगातार जारी है। बस स्टेशन में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ शॉपिंग मॉल भी विकसित किया जाएगा। यानी यात्रियों के लिए बेहतर परिवहन व्यवस्था के साथ खरीदारी और व्यावसायिक गतिविधियों की सुविधा भी एक ही परिसर में उपलब्ध होगी।
परियोजना की प्रगति पर DM की नजर
परियोजना की प्रगति पर जिलाधिकारी मनीष कुमार की भी लगातार नजर है। जिलाधिकारी द्वारा हर सप्ताह परियोजना की समीक्षा की जा रही है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
आधुनिक बस स्टेशन बनने के बाद इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों, श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को मिलने की उम्मीद है। टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। वहीं, यात्रियों की बढ़ती आवाजाही का असर स्थानीय कारोबार पर भी दिखाई दे सकता है।
होटल, होम-स्टे, बाजार, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। यानी टनकपुर में बन रहा यह आधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टेशन आने वाले समय में सिर्फ बसों का ठिकाना नहीं होगा, बल्कि परिवहन, पर्यटन और व्यापार का नया केंद्र बनने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।
