हरिद्वार में भाजपा का सियासी मिशन तेज, सालभर दिग्गज नेताओं के दौरों से साधे राजनीतिक समीकरण

पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले में भाजपा का प्रदर्शन उसकी 2017 की तुलना में कमजोर रहा था। अब आगामी चुनाव से पहले पार्टी ने इस जिले में अपनी सक्रियता बढ़ाई है। बड़े नेताओं के दौरे हों या सरकारी और संगठनात्मक कार्यक्रम, हर स्तर पर हरिद्वार को प्राथमिकता दी जाती रही।

भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष के प्रभाव वाले हरिद्वार जिले में जीत की नई कहानी लिखने की कोशिश में जुटी है। वर्ष भर दिग्गजों के दौरे हरिद्वार में होते रहे, इसके अलावा संगठनात्मक कार्यक्रमों के जरिये भी लगातार फोकस बनाए रखा। कैबिनेट बैठक से लेकर अन्य सरकारी आयोजनों से भी संदेश देने की कोशिश की गई है।

भाजपा के लिए हरिद्वार जिला एक चुनौती बना है। पिछले विधानसभा चुनाव में 11 में से केवल तीन सीट भाजपा के खाते में आई थीं, जबकि कांग्रेस के पास छह, बसपा के एक और एक निर्दलीय खाते में गई। जबकि वर्ष 2017 में भाजपा आठ सीटों पर जीत हासिल की थी। स्थिति सुधारने की कवायद यहां जोरों पर है।बीती जनवरी में अमित शाह एक कार्यक्रम में हरिद्वार पहुंचे। फिर मार्च में सरकार के चार साल पूरे होने पर जन-जन की सरकार चार साल बेमिसाल कार्यक्रम में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया।

जून मे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी एक कार्यक्रम में आए। अब भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। वहीं, भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों के जरिये भी लगातार फोकस बनाए रखा है। जबकि बीती अक्तूबर में कैबिनेट की बैठक भी हरिद्वार जिले में आयोजित की गई थी।

एक साथ दो विधायक बने मंत्री

इसी वर्ष धामी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था। इसमें हरिद्वार जिले से मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके अलावा हरिद्वार जिले से कई दायित्वधारी भी बनाए गए।

मेगा प्रोजेक्ट के जरिये भी फोकस

मेगा प्रोजेक्ट के जरिये भी हरिद्वार पर फोकस रहा। हरिद्वार और ऋषिकेश को नमो कॉरिडोर से जोड़ने की योजना का खाका खींचा गया। गंगा एक्सप्रेसवे को भी हरिद्वार से जोड़ा जाना है। हरिद्वार बायपास फेज 2 की भी योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *