बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलने की उम्मीद तेज, कैबिनेट ने दी सैद्धांतिक मंजूरी

लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में बिंदुखत्ता को वन भूमि से डिनोटिफाई (वन भूमि से बाहर करने) की कार्रवाई के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान किए जाने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे बिंदुखत्ता के हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत और वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

दीपेंद्र कोश्यारी ने बताया कि शुक्रवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेश के तीन क्षेत्रों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत जनपद देहरादून के बापूग्राम, नैनीताल के बिंदुखत्ता और ऊधमसिंह नगर के बग्गा चौवन स्थित वन भूमि के गांवों को वन भूमि से डिनोटिफाई करने की कार्रवाई के लिए मंत्रिमंडल ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। साथ ही इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग को प्रस्तावक विभाग बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया है।

कोश्यारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता आगमन के दौरान क्षेत्रवासियों से जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाकर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बिंदुखत्ता के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा और इससे क्षेत्र को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सरकार आगे की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी कर बिंदुखत्ता के लोगों को उनका अधिकार दिलाने का काम करेगी।

फोटो परिचय – भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *