वन मुख्यालय ने घटना से सबक लेते हुए कार्यालयों में रखे वन्यजीव अंगों की सुरक्षा और बेहतर करने का फैसला किया।

वन विभाग के कार्यालयों में रखे हुए हाथी दांत समेत अन्य वन्यजीव अंग गायब हुए तो व्यक्तिगत तौर पर डीएफओ जिम्मेदार होंगे। इसके अलावा जहां पर वन्यजीव अंग रखे गए हैं, वहां पर सुरक्षा और कड़ी की जाएगी। इस संबंध में प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पिछले महीने लैंसडाैन वन प्रभाग के लालढांग रेंज में पांच हाथी दांत चोरी का मामला सामने आया था। इससे वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। अब वन मुख्यालय ने घटना से सबक लेते हुए कार्यालयों में रखे वन्यजीव अंगों की सुरक्षा और बेहतर करने का फैसला किया।
इस संबंध में हाल में पीसीसीएफ वन्यजीव नीना ग्रेवाल ने दिशा-निर्देश सभी टाइगर रिजर्व और डीएफओ जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि डीएफओ स्वयं हर आर्टिकल की भौतिक उपलब्धता, संख्या, माप, पहचान और अभिलेखों का परीक्षण करेंगे। अधीनस्थ स्तर पर कराई गई गणना, सत्यापन को बिना स्वयं संतुष्ट हुए प्रमाणित न किया जाए। किसी भी वन्यजीव अंग के खोने, बदलने, अनधिकृत रूप से हटाए जाने या अभिलेखीय या मौके पर न मिलने पर संबंधित डीएफओ की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी।
यह दिशा-निर्देश दिए गए
देहरादून। पीसीसीएफ वन्यजीव के जारी पत्र में कहा गया है कि हर प्रभाग में सभी वन्यजीव आर्टिकल्स का तत्काल भौतिक सत्यापन किया जाए। हाथी दांत समेत सभी वन्यजीव अंग तालाबंद कक्ष और सुरक्षित लोहे के संदूक में रखा जाए। भंडारण स्थल पर सीसीटीवी लगाने के साथ ही अधिकृत व्यक्तियों की पहुंच हो, इसकी नियमित जांच भी हो। यहां की प्रत्येक आवाजाही का ब्याैरा रखा जाए। माप, तौल अधिकृत अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाए। हर माह एक बार अधिकृत अधिकारी द्वारा औचक जांच की जाए। किसी भी वन्यजीव अंग के गायब होने पर तत्काल सूचना मुख्य वन संरक्षक व वन संरक्षक को देने के साथ ही एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही विभागीय कार्रवाई की जाए। प्रत्येक आवाजाही, निरीक्षण स्थानांतरण, सुपुर्दगी विवरण स्टॉक रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
