देहरादून-हावड़ा रेल यात्रियों को झटका! तीन महीने तक रद्द रहेगी उपासना एक्सप्रेस

ट्रेन संख्या 13035 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलती है। इसके 26 फेरे रद्द किए गए हैं। वहीं, ट्रेन संख्या 13036 देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस के भी 26 फेरे निरस्त रहेंगे।

सर्दी के मौसम में कोहरे से रेल परिचालन प्रभावित होने के चलते रेलवे ने देहरादून और हावड़ा के बीच संचालित होने वाली उपासना एक्सप्रेस ट्रेन के 52 फेरों को रद्द करने का निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार दिसंबर से फरवरी तक देहरादून-हावड़ा और हावड़ा-देहरादून चलने वाली उपासना एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर संचालित नहीं होंगी। इससे देहरादून से पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे के आदेश के मुताबिक ट्रेन संख्या 13035 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलती है। इसके 26 फेरे रद्द किए गए हैं। वहीं, ट्रेन संख्या 13036 देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस के भी 26 फेरे निरस्त रहेंगे। यह ट्रेन बुधवार और शनिवार को संचालित होती है। दिसंबर 2026 में दोनों ट्रेनों के आठ-आठ फेरे, जनवरी 2027 में नौ-नौ फेरे और फरवरी में नौ-नौ फेरे रद्द किए जाने की सूचना दी गई है।

इसके अलावा हावड़ा-काठगोदाम और काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस के परिचालन में भी कटौती की गई है। कोहरे के दौरान सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलवे ने यह कदम उठाया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *