रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने रीजनल लेवल राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत की हैट्रिक लगाई। विद्यालय की टीम ने हिंदी, संस्कृत एवं लोकगीत समूहगान की तीनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
भारत विकास परिषद, रुहेलखंड पश्चिम प्रांत की ओर से रविवार, 15 नवंबर को तीर्थंकर महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, मुरादाबाद में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के आठ विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में जेसीज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी मधुर आवाज, शानदार तालमेल और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया।

विद्यालय की विजेता टीम में ध्रुव वैष्णव (कक्षा 10), रिदिमा कोहली (कक्षा 11), सई वैभव जोशी (कक्षा 9), आयुष्मान चौबे (कक्षा 7), हिमानी मल्लिक (कक्षा 8), मौलिक मदान (कक्षा 6) और आराध्या सक्सेना (कक्षा 7) शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संगीत परंपरा और भाषायी विविधता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्री भुवन भट्ट, डॉ. पुनीत गोस्वामी एवं श्री सुनील अधिकारी शामिल रहे।
विद्यालय के लिए यह सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि अब टीम राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी, जिसका आयोजन 29 नवंबर 2026 को नोएडा में किया जाएगा।
विद्यालय के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, संगीत के प्रति समर्पण और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्य, सेक्शन हेड्स एवं समस्त शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों और उनके प्रशिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी तथा राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन करने की कामना की।
उल्लेखनीय है कि भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित समूहगान प्रतियोगिताओं में जेसीज पब्लिक स्कूल ने लगातार तीसरी बड़ी सफलता हासिल कर जीत की शानदार हैट्रिक बनाई है। विद्यालय की इस उपलब्धि से पूरे जेसीज परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
