भरत चौधरी और हरक सिंह आमने-सामने, रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती!

उत्तराखंड में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा-कांग्रेस के नेताओं में जुबानी जंग भी सामने आ रही है। हालिया रुद्रप्रयाग सीट पर चुनाव लड़ने को लेकर हरक सिंह रावत और मंत्री भरत चौधरी के बीच घमासान छिड़ गया है।

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले रुद्रप्रयाग सीट को लेकर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत आमने-सामने आ गए हैं। भरत चौधरी ने हरक सिंह को रुद्रप्रयाग सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। वहीं, हरक सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी चुनावी सीट का फैसला मंत्री चौधरी नहीं, बल्कि कांग्रेस हाईकमान करेगा।

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि हरक सिंह रावत बयानबाजी करने में कुख्यात हैं। यदि उनमें साहस है तो 2027 के विधानसभा चुनाव में रुद्रप्रयाग सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में हरक सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जबकि वह निर्दलीय प्रत्याशी थे।

उस समय हरक सिंह ने धारी देवी की कसम खाई थी कि मुख्यमंत्री नहीं बनने पर विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। चौधरी ने कहा कि हरक सिंह रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़ें तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

वहीं, हरक सिंह रावत ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री भरत चौधरी यह तय नहीं करेंगे कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस हाईकमान जिस सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहेगा, वह वहीं से मैदान में उतरेंगे। फिलहाल उनकी तैयारी सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की है।

हरक सिंह ने कहा कि वह वर्ष 2012 में रुद्रप्रयाग सीट से भरत चौधरी को उनके घर में ही चुनाव हरा चुके हैं। यदि पार्टी ने उन्हें दोबारा रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़ने के लिए भेजा तो भरत चौधरी को अपनी स्थिति का पता चल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *