उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा: 435 केंद्रों पर होगी परीक्षा, चार जिलों में एक भी संवेदनशील केंद्र नहीं

बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उत्तराखंड के चार पर्वतीय जिलों में परीक्षा केंद्रों की तस्वीर इस बार अलग है। यहां किसी भी केंद्र को संवेदनशील या अतिसंवेदनशील श्रेणी में नहीं रखा गया है। उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और चमोली के सभी केंद्र सामान्य श्रेणी में शामिल हैं। इससे परीक्षा व्यवस्था के लिहाज से इन जिलों की स्थिति स्पष्ट होती है।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में चार जिले ऐसे हैं जिनमें 435 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। खास बात है कि इनमें एक भी परीक्षा केंद्र संवेदनशील या अतिसंवेदनशील केंद्र की श्रेणी में नहीं रखा गया है।

बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्रों का निर्धारण करते समय सुरक्षा, परीक्षा व्यवस्था और पूर्व के परीक्षा रिकॉर्ड सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है। इस बार उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और चमोली जिले में सभी 435 केंद्रों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है।

इसमें उत्तरकाशी जिले में चार एकल और 60 मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं, जबकि टिहरी जिले में एक एकल और 135 मिश्रित, पौड़ी में एक एकल और 126 मिश्रित एवं चमोली में छह एकल और 102 मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इन जिलों में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों का चिह्नित होना परीक्षा व्यवस्था के लिहाज से अहम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *