ऋषिकेश में नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल ले गया युवक, मारपीट कर किया दुष्कर्म

ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में देहरादून पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया है। बता दें इस पूरे मामले में जांच के दौरान होटल प्रबंधन की लापरवाही और कथित संलिप्तता सामने आने के बाद मैनेजर और संचालक पर एक्शन लिया गया है।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल ले गया युवक

पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त को पीड़िता के पिता ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान उनकी 16 साल की बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ पुराना रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल गंगा इन ले गया। आरोप है कि होटल में आरोपी ने नाबालिग के साथ मारपीट की और उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार के सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के मोबाइल से पीड़िता की फोटो-वीडियो बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल की जांच की तो उसमें घटना के दौरान पीड़िता से संबंधित फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर उसे जांच का हिस्सा बनाया है।

होटल प्रबंधन की लापरवाही आई सामने

मुख्य आरोपी से पूछताछ और पुलिस की विवेचना में होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी कई गंभीर तथ्य सामने आए। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को होटल में बिना उचित पहचान और सत्यापन के प्रवेश दिया गया था। इसके अलावा होटल के आवश्यक रजिस्टर में भी उसकी एंट्री नहीं की गई थी। पुलिस का आरोप है कि होटल प्रबंधन को घटना की जानकारी होने के बावजूद इसकी सूचना पुलिस या संबंधित सहायता एजेंसी को नहीं दी गई।

CCTV बंद करने का भी आरोप

जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य भी आया कि पीड़िता को होटल से बाहर ले जाने के दौरान होटल के CCTV कैमरों को बंद किया गया था। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता (34) ऋषिकेश और संचालक राहुल अग्रवाल (36) ऋषिकेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान दोनों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.