गदरपुर NH-74 पर लगातार हादसों के विरोध में कांग्रेस का धरना, अंडरपास की मांग

गदरपुर में नेशनल हाईवे-74 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। गोपाल नगर गांव के रास्ते पर अंडरपास की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया।

गदरपुर नेशनल हाईवे-74 पर बढ़ते हादसों पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह ने गदरपुर बाईपास की इंजीनियरिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बाईपास पर एक गांव के लिए ओवरब्रिज बनाया गया है, जबकि दूसरी ओर सैकड़ों गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा के लिए न तो अंडरपास बनाया गया और न ही ओवरब्रिज की व्यवस्था की गई है।

कांग्रेस ने की अंडरपास निर्माण की मांग

राजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि जिस स्थान पर ग्रामीणों की बड़ी संख्या में आवाजाही होती है, वहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में हादसों को रोकने और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के लिए यहां तत्काल अंडरपास का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस की मांग नहीं बल्कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने और ग्रामीणों की आवाजाही के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा।

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

मामले को लेकर गदरपुर तहसीलदार लीना चंद्र ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस समस्या का पहले से संज्ञान ले चुका है। बाईपास से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए तीन विभागों की एक कमेटी गठित की गई है, जिसमें तहसीलदार भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी मौके की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सुझाव भी सुनेगी। इसके बाद बाईपास पर आवश्यक कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.