18 नवंबर को होगी उत्तराखंड D.El.Ed. प्रवेश परीक्षा, ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानें प्रक्रिया और फीस

उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने और शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) ने द्विवर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed.) प्रशिक्षण के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा-2026 की आधिकारिक अधिसूचना और विज्ञप्ति जारी कर दी है।

इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन पत्र किए आमंत्रित

राज्य के विभिन्न जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) में संचालित होने वाले इस पाठ्यक्रम के लिए पात्र और इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। परिषद की ओर से जारी विज्ञप्ति के शासन के बेसिक शिक्षा अनुभाग की ओर से 3 सितंबर 2026 को जारी शासनादेश के प्रावधानों के तहत प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

18 नवंबर को राज्य के 29 शहरों में होगी परीक्षा

परिषद द्वारा तय की गई समय-सारणी के अनुसार, D.El.Ed. प्रवेश परीक्षा का आयोजन 18 नवंबर 2026 (बुधवार) को किया जाएगा। परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए राज्यभर के 29 प्रमुख शहरों में विभिन्न परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।

ऑनलाइन आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

उत्तराखंड D.El.Ed. प्रवेश परीक्षा 2026 में सम्मिलित होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन मोड में ही आवेदन करना होगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि डाक या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

प्रक्रिया की मुख्य तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होने की तिथि: 15 सितंबर 2026 (प्रातः 11:00 बजे से)
  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 06 अक्टूबर 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
  • ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 08 अक्टूबर 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
  • आवेदन में संशोधन / परिवर्तन की तिथि: 09 अक्टूबर 2026 से 11 अक्टूबर 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
  • परिषद ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि और समय बीत जाने के बाद किसी भी स्थिति में आवेदन पत्र या परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आवेदन शुल्क विवरण

  • विभिन्न वर्गों के लिए आवेदन शुल्क की दरें निर्धारित कर दी गई हैं:
  • सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (General & OBC): ₹ 600.00
  • अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC & ST): ₹ 300.00
  • सभी वर्गों के दिव्यांग (निःशक्त) अभ्यर्थी: ₹ 150.00

आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण शर्तें और निर्देश

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पूर्व कुछ मुख्य बातों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है:

मोबाइल नंबर व ईमेल अनिवार्य: आवेदन प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थी के पास अपना क्रियाशील मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी होना अनिवार्य है। एक मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर केवल एक ही आवेदक का पंजीकरण या फॉर्म स्वीकार किया जाएगा।

सूचना विवरणिका (Information Brochure) का अध्ययन: अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे वेबसाइट www.ukdeled.com से सूचना विवरणिका डाउनलोड कर पात्रता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें।

पात्रता की जिम्मेदारी: अभ्यर्थी स्वयं यह सुनिश्चित करें कि वे D.El.Ed. प्रशिक्षण प्रवेश परीक्षा 2026 हेतु निर्धारित सभी मापदंडों को पूरा करते हैं। पात्रता पूर्ण न होने की दशा में किसी भी स्तर पर अभ्यर्थन या चयन निरस्त किया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी।

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक और स्नातक योग्यताधारी अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.ukdeled.com पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं और 06 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म भरकर 08 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन शुल्क जमा कर सकते हैं। परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और जानकारी भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.