काशीपुर के प्रतिष्ठित स्कूल में फीस विवाद को लेकर हंगामा, चेयरमैन को जर्मनी से मिली धमकी!

काशीपुर शहर के प्रसिद्ध एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी (ek onkar global academy) में बच्चों की फीस को लेकर चल रहा विवाद अब धमकी तक पहुंच गया है। स्कूल के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने काशीपुर के एक व्यक्ति पर स्कूल परिसर में हंगामा करने, स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार करने और कथित तौर पर वसूली की मांग करने का आरोप लगाया है।

फीस को लेकर हुआ था विवाद

दरअसल, कुछ दिन पहले स्कूल प्रबंधन की ओर से फीस जमा नहीं होने पर कुछ बच्चों के अभिभावकों से संपर्क किया गया था। इसी दौरान दो बच्चों के माता-पिता एक ऐसे व्यक्ति को साथ लेकर स्कूल पहुंचे, जो खुद को किसान नेता बताता है। स्कूल चेयरमैन के मुताबिक, इस दौरान स्कूल परिसर में हंगामा हुआ और स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति और उसके साथ आए लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर विभिन्न तरह के आरोप लगाते हुए पैसे की मांग भी की। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले की शिकायत आईटीआई पुलिस चौकी में की।

जर्मनी से मिली कथित धमकी

फीस विवाद से जुड़े इस मामले में अब नया मोड़ तब आया, जब स्कूल चेयरमैन को व्हाट्सऐप के माध्यम से कथित तौर पर जर्मनी से एक मैसेज मिला। चेयरमैन के अनुसार, संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को ‘राजा पहलवान’ बताया और मामले को सुलझाने के लिए कहा। साथ ही कथित तौर पर ऐसा नहीं करने पर नतीजा भुगतने की चेतावनी दी गई। स्कूल प्रबंधन ने इस कथित धमकी की जानकारी एसपी काशीपुर को भी दी है। चेयरमैन का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस को पहले ही दी जा चुकी है और अब धमकी का मामला सामने आने के बाद वह शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

स्कूल प्रबंधन ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि खुद को किसान नेता बताने वाला जितेंद्र सिंह इस तरह की वसूली के कार्यों में संलिप्त है और पूर्व में भी उसके संबंध में पुलिस को सूचना दी गई थी। चेयरमैन ने कहा कि स्कूल में बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए किसी भी बाहरी व्यक्ति द्वारा स्कूल परिसर में हंगामा करने या स्टाफ को धमकाने जैसी स्थिति से बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

काशीपुर से मिले एमपी सिंह के इनपुट के साथ

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.