राज्य मंत्री ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ दी तहरीर, धामी सरकार पर लगाए थे गंभीर आरोप

धामी सरकार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ दर्जा धारी राज्यमंत्री भूपेश उपाध्याय ने बागेश्वर में तहरीर दी है। उपाध्याय का कहना है कि कोल ब्लॉक आवंटन पर कांग्रेस जनता को गुमराह करके सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

ये है मामला

बता दें बीते दिनों पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने दिल्ली में प्रेसवार्ता कर धामी सरकार पर टेंडर प्रक्रिया में बदलाव कर अदाणी पावर को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था। पवन खेड़ा का आरोप था कि सरकार ने 1320 मेगावाट बिजली की खरीद के लिए जारी टेंडर की 86 में से 84 शर्तों में बदलाव किए गए, जिससे अदाणी पावर को फायदा पहुंचाने का रास्ता तैयार हुआ।

कांग्रेस का दावा था कि पहले UJVN-THDC के संयुक्त उपक्रम के जरिए परियोजना आगे बढ़ाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे खत्म कर टेंडर प्रक्रिया के जरिए निजी कंपनी को मौका दिया गया। खेड़ा ने यह भी सवाल उठाया कि टेंडर में बिजली उत्पादन संयंत्र को उत्तराखंड से बाहर स्थापित करने की अनुमति क्यों दी गई। कांग्रेस ने 25 साल के पावर परचेज एग्रीमेंट और करीब 1.66 लाख करोड़ के संभावित भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए थे।

मामले के गर्माने के बाद इस मामले पर सरकार ने भी सफाई दी है। वहीं शनिवार को दर्जा धारी राज्यमंत्री भूपेश उपाध्याय ने बागेश्वर में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने कहा है कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ राजनैतिक विद्वेष की भावना से झूठे अनर्गल आरोप लगाते हुए अपने सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों से वीडियो एवं बयान जारी किया थाl

उपाध्याय ने किया असम विधानसभा चुनाव का जिक्र

भूपेश उपाध्याय ने कहा कि यह वही षडयंत्रकारी खेड़ा है जिसने AI के माध्यम से फर्जी कूट रचित दस्तावेज तैयार कर असम विधानसभा चुनाव के समय असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्वशर्मा और उनकी पत्नी के ऊपर राजनैतिक षडयंत्र के तहत झूठे आरोप लगाये थे। जो बाद में अनेक एजेंसियों की जांच में झूठे पाए गए। उपाध्याय का कहना है कि असम विधानसभा के चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए वोटिंग से तुरंत पहले यह षडयंत्र रचा गया था। जिससे कि जनता को दिग्भ्रमित कर भाजपा और हेमंत विश्वशर्मा को राजनैतिक रूप से नुकसान पहुंचाया जा सके l

भूपेश उपाध्याय ने प्रेस को जारी अपने बयान में कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है और प्रदेश के जनमानस का स्पष्ट मन है कि लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में भाजपा की सरकार और सीएम धामी को तीसरी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है। जिस वजह से कांग्रेस सीएम के खिलाफ षडयंत्र कर धामी सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.