लोक आस्था का महापर्व छठ: हरिद्वार में डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी पूरी

लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और पवित्रता के वातावरण में शुरू हुआ। दूसरे दिन शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण कर व्रती महिलाओं ने उपवास शुरू किया। पूरे दिन महिलाएं घाटोंं पर बेदी निर्माण और परंपरागत प्रसाद ठेकुआ आदि बनाने में जुटी रहीं। घरों से लेकर बाजारों तक भी उत्साह का माहौल दिखा।

छठ पर्व का दूसरा दिन शनिवार को खरना की परंपरा पूरी की गई। इस दिन व्रती महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना के बाद नए चावल और गुड़ से तैयार खीर का प्रसाद ग्रहण किया। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।

बाजारों में खरीदारी का जोर

छठ महापर्व पर शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। सूप, दउरा, पूजा सामग्री और फलों की दुकानों पर विशेष चहल-पहल देखी जा रही है। श्रद्धालु साड़ी, गमछा, एकरंगा, कसोरा, दीया, बाती, पंचमेवा, आटा, चीनी, नारियल सहित पूजन में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। फल, फूल और मिठाइयों की खरीदारी मुख्य अर्घ्य से पहले की जाएगी। बाजारों में गन्ने की आवक भी शुरू हो गई है।

घरों में छठ की तैयारियां

बाजारों में खरीदारी के साथ-साथ घरों में भी छठ की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। व्रती महिलाएं पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ तैयार करने के लिए गेहूं को साफ कर, धोकर धूप में सुखाने में जुटी हैं। पूरी तरह सूखने के बाद गेहूं की पिसाई कराई जाएगी। प्रसाद की शुद्धता और पवित्रता बनाए रखने के लिए कई परिवार अलग चक्की में आटा पिसवाने की तैयारी कर रहे हैं। घरों में छठ के पारंपरिक गीतों का गूंजना पर्व की धार्मिक आस्था और उल्लास को और बढ़ा रहा है।

प्रशासनिक व्यवस्थाएं दुरुस्त

छठ महापर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। गंगा घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, विद्युत व्यवस्था और पार्किंग को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड लगाने पर विशेष जोर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *