जसपुर। खरीफ विपणन सत्र में धान खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है। विभाग ने किसानों से सरकारी धान खरीद और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ पाने के लिए समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है।
शनिवार को वरिष्ठ विपणन अधिकारी रविराज सिंह ने बताया कि किसान स्मार्ट पीडीएस एप, किसान पोर्टल या नजदीकी क्रय केंद्र पर पंजीकरण करा सकते हैं। धान की खरीद एक अक्तूबर से शुरू होगी। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, नवीनतम खतौनी/खसरा तथा एनपीसीआई से लिंक बैंक खाते की पासबुक आवश्यक होगी। धान बिक्री के लिए पंजीकरण और बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा। उन्होंने किसानों से पंजीकरण में किसी तरह की परेशानी होने पर स्थानीय कार्यालय या खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की हेल्पलाइन 1967 पर संपर्क करने की अपील की।

