कोतवाली पुलिस ने स्कूटी चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद की गई है।
मीरा नगर निवासी धीरेन्द्र ममगाईं ने बीते 25 जून को कोतवाली में स्कूटी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 18 जून को घर के बाहर खड़ी स्कूटी को किसी ने चुरा लिया है। प्रभारी निरीक्षक वाईएस बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को चिह्नित किया गया था। बीते शुक्रवार को नियमित गश्त के दौरान संदिग्ध युवक को लेबर कॉलोनी तिराहे के समीप स्कूटी के साथ देखा गया। संदिग्ध ने अपना नाम आयुष क्षेत्री निवासी समीप आईडीपीएल गेस्ट हाउस बताया। स्कूटी के कागजात न दिखा पाने पर सख्ती से पूछताछ की गई। आयुष ने बताया कि उसने यह स्कूटी मीरानगर की एक गली से चोरी की थी। उसने यह भी बताया कि वह स्कूटी बेचने जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक बिष्ट ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद

