ऋषभ ने दो एक्स पोस्ट की, पहली 12:46 बजे, जिसमें लिखा, हैलो सीएम सर, आप कैसे हैं…उत्तराखंड का स्थानीय होने के नाते, मुझे यहां से दूर रहे काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से अपना ठिकाना बदलकर उत्तराखंड वापस आने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं लेकिन मुझे यहां रहने के लिए कोई अच्छी और बड़ी सुविधा नहीं मिल पा रही है।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज और उत्तराखंड के गौरव ऋषभ पंत की रात 12:46 बजे की गई सोशल मीडिया एक्स की पोस्ट शनिवार को दिनभर वायरल रही। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भावुक अपील की कि वे अपने घर उत्तराखंड लौटना चाहते हैं लेकिन जमीन नहीं मिल रही। सीएम धामी ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे।
सीएम धामी ने दिया जवाब, आप हमारे गौरव, जल्द मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्रिकेटर ऋषभ पंत को शाबाशी दी। उन्होंने ऋषभ के पोस्ट के जवाब में एक्स पर लिखा कि, प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आगे सीएम धामी ने लिखा, आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

